Baghpat News : बागपत में दिनदहाड़े चोरी, दुकान में घुसा चोर कैश न मिला तो मोबाइल लेकर भागा

Baghpat News : बागपत के बड़ौत में दिनदहाड़े चोरी, दुकान से कैश न मिलने पर मोबाइल लेकर फरार हुआ चोर, पूरी वारदात CCTV में कैद।

Paras Jain
Published on: 4 Jun 2026 4:15 PM IST
Baghpat News : बागपत में दिनदहाड़े चोरी, दुकान में घुसा चोर कैश न मिला तो मोबाइल लेकर भागा
X

Baghpat News

Baghpat News : बागपत में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। दिनदहाड़े एक चोर पेंट की दुकान में घुसा, पहले पूरे इत्मीनान से दुकान का मुआयना किया, फिर काउंटर और लॉकर खंगाला। जब नकदी हाथ नहीं लगी तो दुकान में रखा एंड्रॉयड मोबाइल उठाकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

सीसीटीवी की ये वायरल तस्वीरें बागपत के बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित भगवान महावीर मार्ग की हैं। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक संदिग्ध युवक दुकान के बाहर और अंदर कई बार नजर दौड़ाता है। वह यह सुनिश्चित करता है कि उसे कोई देख तो नहीं रहा। जब दुकान खाली दिखाई देती है तो वह धीरे-धीरे काउंटर की ओर बढ़ता है। चोर बड़ी चालाकी से काउंटर के पास पहुंचता है और वहां रखी कुर्सी को हटाकर दराज और लॉकर की तलाशी शुरू कर देता है।

कुछ देर तक वह नकदी या कीमती सामान की तलाश करता रहता है। लेकिन जब उसे कोई कैश नहीं मिलता तो उसकी नजर वहां रखे एंड्रॉयड मोबाइल पर पड़ती है। चोर मोबाइल उठाता है और मौके से फरार हो जाता है। चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरों का एक सक्रिय गिरोह काम कर रहा है, जो खाली दुकानें देखकर वारदातों को अंजाम देता है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कारोबारियों में डर का माहौल है।

वही पीड़ित दुकानदार अनुराग की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि सीसीटीवी में कैद इस चेहरे तक पुलिस कब तक पहुंचती है।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

Next Story