TRENDING TAGS :
Baghpat News: सुंदर पत्नी की तलाश” बना ठगी का जाल: शादी के नाम ऑनलाइन ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
Baghpat News: सुंदर पत्नी की तलाश” के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा। बागपत साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय शातिर ठग गिरफ्तार। अब तक 1 करोड़ से अधिक की ठगी का अनुमान।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: जनपद बागपत में साइबर ठगी के एक बड़े और चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। “सुंदर वधू की आवश्यकता” जैसे आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को शादी का सपना दिखाकर लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की जा रही थी। साइबर सेल एवं थाना साइबर क्राइम बागपत की संयुक्त पुलिस टीम ने इस मामले में दो अंतर्राज्यीय शातिर ठगों नावेद और भूरा को गिरफ्तार किया है, जो बीते 7 से 8 वर्षों से लगातार इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक बागपत प्रवीण चौहान ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह कार्रवाई बड़ौत कस्बे के एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गई, जिससे सुंदर पत्नी की तलाश के नाम पर ऑनलाइन ठगी की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों में “सुशील परिवार के लिए सुंदर वधू की आवश्यकता” जैसे विज्ञापन प्रकाशित कराते थे। विज्ञापन पर संपर्क करने वाले लोगों से बातचीत कर उनका भरोसा जीतते और विवाह की बात तय कर एक तारीख निश्चित कर लेते थे। तय दिन से ठीक पहले एक्सीडेंट, बीमारी या किसी आपात स्थिति का बहाना बनाकर पीड़ित से 20 से 25 हजार रुपये या उससे अधिक रकम किसी बैंक खाते में ट्रांसफर करने को कहते थे। भरोसा दिलाया जाता था कि शाम तक पैसा वापस कर दिया जाएगा, लेकिन रकम मिलते ही आरोपी संपर्क तोड़ लेते थे।
एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्तों ने इसी तरीके से 8–10 वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। मुख्य अभियुक्त नावेद के खिलाफ विभिन्न जनपदों और राज्यों में 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कई शिकायतें अभी लंबित हैं। हरिद्वार के मामलों में दोनों अभियुक्त सजा काटकर बाहर आ चुके हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड तथा दो बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। अभियुक्त फर्जी पहचान पत्र और फेक सिम का इस्तेमाल कर अलग-अलग होटलों में ठहरते थे, ताकि पहचान छिपी रहे।
एएसपी प्रवीण चौहान ने आमजन से अपील की कि शादी, नौकरी या किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लालच भरे प्रस्तावों पर बिना जांच-पड़ताल के विश्वास न करें। सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।


