Bahraich News: बच्ची हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Bahraich News: बहराइच में मासूम बच्ची की हत्या के आरोपी अरुण को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

Farhan Khan
Published on: 18 May 2026 9:22 AM IST
Child murder accused arrested in police encounter, shot in leg
X

बच्ची हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली (Photo- Newstrack)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के थाना खैरीघाट क्षेत्र (Thana Khairighat area) में मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर भेजा गया। आरोपी के पास से 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 की देर शाम मथुरा गांव निवासी मेवा लाल ने खैरीघाट पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी नातिन अचानक घर से लापता हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी।

मक्के के खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ था

इसी दौरान 16 मई 2026 को गांव के पास मक्के के खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मैनुअल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की, जिसमें गांव के ही अरुण पुत्र छोटेलाल की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय पहने गए कपड़े उसने छिपाकर रखे हैं। वहीं जब 17 मई 2026 रात 9 बजे पुलिस जब उसकी निशानदेही पर कपड़ों की बरामदगी के लिए अलीनगर इलाके में पहुंची, तभी आरोपी मौका पाकर पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी। 2 घंटे बाद सोबतिया मोड़ इमामगंज बांध के पास चेकिंग के दौरान आरोपी दिखाई दिया।

पुलिस ने बताया

पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

-जिसको तत्काल समुचित ईलाज के लिए CHC शिवपुर भेजा गया है जहां से उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।अभियुक्त अरुण के पास से एक बारह बोर का तमंचा बरामद हुआ है अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Farhan Khan
ABOUT THE AUTHOR

Farhan Khan

Next Story