Bahraich News: बहराइच: 2.5 करोड़ की चरस के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, सीमा पार नेटवर्क का खुलासा

Bahraich News: बहराइच में रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी ने 2.5 करोड़ रुपये की अवैध चरस के साथ नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।

Farhan Khan
Published on: 13 May 2026 4:51 PM IST
Bahraich News
X

Bahraich News(Photo-Social Media)

Bahraich News: भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने करीब 2.5 करोड़ रुपये कीमत की 4.665 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद सीमा पार संचालित तस्करी नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना रुपईडीहा क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित राजू किराना स्टोर के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से गत्ते और कागज में लिपटे धागे से बंधे छह पैकेट बरामद हुए। जांच में यह सभी पैकेट अवैध चरस पाए गए, जिनका कुल वजन 4.665 किलोग्राम निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जाबिर हलवाई निवासी वार्ड नंबर 03, एकलैनी थाना बड़ा प्रहरी, जिला बांके, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन और 3450 नेपाली रुपये भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा वर्ष 2025 में उसके कब्जे से 35 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई थी, जिसकी जांच आयकर विभाग लखनऊ समेत अन्य एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह ने की। रुपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसएसबी की एफ कंपनी, 42वीं वाहिनी नानपारा की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।

Farhan Khan
ABOUT THE AUTHOR

Farhan Khan

Next Story