Bahraich News: इंसानियत हुई शर्मसार, शराब के लिए मां पर टूटा बेटे का कहर

Bahraich News: बहराइच में शराब के लिए पैसे न मिलने पर बेटे ने अपनी मां पर हमला कर दिया। घटना ने इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर दिया।

Farhan Khan
Published on: 17 May 2026 2:37 PM IST
Bahraich News
X

Bahraich News(Photo-Social Media)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नानपारा थाना क्षेत्र के इटहा गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने शराब के लिए अपनी ही बूढ़ी मां पर ऐसा कहर बरपाया कि सुनने वालों का भी कलेजा कांप उठे। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भारी आक्रोश है।

शराब के पैसों को लेकर मां से करता था विवाद

बताया जा रहा है कि इटहा गांव निवासी बुज़ुर्ग महिला सोना देवी का छोटा बेटा सुशील अक्सर शराब पीने के लिए मां से पैसे मांगता था। परिवार के लोगों के मुताबिक वह आए दिन इसी बात को लेकर विवाद करता रहता था। बीती रात भी उसने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सुशील का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह हैवान बन बैठा।

बेल्ट टूट गई, लेकिन नहीं रुका बेटे का कहर

आरोप है कि सुशील ने अपनी मां को बेल्ट और हाथों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बेल्ट तक टूट गई, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बुज़ुर्ग मां दर्द से चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन बेटे ने रहम नहीं दिखाया। मारपीट के दौरान महिला अधमरी हालत में बेसुध होकर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी उन्हें उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दूसरे बेटे और बहू ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के दूसरे बेटे और बहू सावित्री देवी मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल बुज़ुर्ग महिला को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में भी लोगों के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Farhan Khan
ABOUT THE AUTHOR

Farhan Khan

/Farhankhan

Next Story