Ballia Murder Case: पहले दिया जहर फिर दबाया गला, पति ने गर्लफ्रेंड संग मिलकर ऐसे रची थी खौफनाक साजिश

Ballia Murder Case: बलिया में पत्नी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पति चुन्नीलाल प्रजापति ने अपनी महिला मित्र शोभा चौरसिया के साथ मिलकर पत्नी प्रीति की हत्या की साजिश रची। नशीला पदार्थ पिलाने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव झाड़ियों में फेंक दिया गया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 30 May 2026 1:14 PM IST
Ballia Murder Case
X

Ai Edited Image

Ballia Murder Case: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक हैरान करने वाला हत्या का मामला सामने आया है। जहां कोतवाली थन क्षेत्र के शिवपुर दियर में करीब पांच दिन पहले एक महिला का शव मिला था। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की पड़ताल आगे बढ़ी तो ऐसा खुलासा हुआ जिसने सभी को चौंका दिया। यहां पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने पति ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद दोनों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और खुद को बचाने के लिए महिला के लापता होने का नाटक भी किया।

दियर में मिला था अज्ञात महिला का शव

पुलिस के अनुसार, बीते रविवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शुरुआत में सफलता नहीं मिली। इसी बीच गड़वार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कारी निवासी श्यामदेव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी प्रीति की शादी वर्ष 2025 में रेवती नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी।

वहीं श्यामदेव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रीति को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 मई को ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि प्रीति कहीं चली गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पति और महिला मित्र पर पहुंचा शक

जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका के पति चुन्नीलाल प्रजापति और उसकी महिला मित्र शोभा चौरसिया पर गया। इसके बाद पुलिस ने रेवती नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी चुन्नीलाल प्रजापति और रेवती कस्बे के वार्ड नंबर 7 निवासी शोभा चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटनास्थल से मृतका के जेवर, चूड़ियां, पर्स और अन्य सामान भी बरामद कर लिया।

घुमाने के बहाने ले गई महिला मित्र

पूछताछ में आरोपी शोभा चौरसिया ने बताया कि 22 मई को प्रीति अपनी बीमार सास को देखने जिला अस्पताल आई थी। सुबह करीब नौ बजे चुन्नीलाल के कहने पर वह अस्पताल पहुंची और प्रीति को घुमाने के बहाने एक ई-रिक्शा पर बैठाकर बयासी पुल की ओर ले गई।-

शोभा के अनुसार चुन्नीलाल ने उसे एक पुड़िया दी थी और कहा था कि उसे पानी में मिलाकर प्रीति को पिला देना। ई-रिक्शा से बयासी पुल पहुंचने के बाद उसने वही किया और पानी में पुड़िया घोलकर प्रीति को पिला दिया। नशीला पदार्थ पीने के बाद प्रीति बेहोश हो गई।

सुनसान जगह ले जाकर दबाया गला

पुलिस के अनुसार कुछ देर बाद चुन्नीलाल भी वहां पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने बेहोश प्रीति को बाइक पर बीच में बैठाया और पुल से आगे एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां पहुंचकर चुन्नीलाल ने प्रीति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। आरोपियों ने सोचा था कि शव मिलने तक वे खुद को बचाने में सफल हो जाएंगे, लेकिन पुलिस जांच ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।-

दो दिन तक किया खोजने का नाटक

हत्या को अंजाम देने के बाद चुन्नीलाल ने खुद को बचाने के लिए नया खेल खेला। उसने दो दिन तक पत्नी की तलाश करने का नाटक किया और लोगों को यह जताता रहा कि प्रीति कहीं लापता हो गई है। इसके बाद उसने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी।

हालांकि पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ती रही और पूछताछ के दौरान मिले सुरागों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश पति चुन्नीलाल ने रची थी और इसमें उसकी महिला मित्र शोभा चौरसिया ने उसका साथ दिया था।

पुलिस टीम ने किया मामले का खुलासा

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सरोज, हेड कांस्टेबल राकेश पाल, कांस्टेबल आशीष पाण्डेय और महिला कांस्टेबल सोमी शुक्ला शामिल थीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पति और उसकी महिला मित्र द्वारा मिलकर रची गई इस साजिश ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस महिला ने विवाह के बाद नया जीवन शुरू किया था, उसकी हत्या उसी व्यक्ति ने कर दी जिसके साथ उसने जीवन बिताने का सपना देखा था।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story