TRENDING TAGS :
Balrampur News: साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को मिला पूरा पैसा, पुलिस की तत्परता बनी मिसाल
Balrampur News: बलरामपुर में साइबर ठगी के शिकार युवक के 58 हजार रुपये जरवा पुलिस की तत्परता से वापस कराए गए, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।
Balrampur News
Balrampur News: बलरामपुर में गुरुवार को साइबर ठगी के एक मामले में जरवा पुलिस की सक्रियता ने पीड़ित परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार युवक के खाते से निकाले गए पूरे 58 हजार रुपये वापस कराए।रतनपुर झिंगहा बालापुर निवासी मोहम्मद इलियास के साथ अप्रैल माह में साइबर ठगी हुई थी। अज्ञात ठगों ने उनके केनरा बैंक खाते से 58 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद परिवार चिंता में डूब गया, लेकिन पीड़ित ने बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना कोतवाली जरवा की साइबर हेल्पडेस्क टीम हरकत में आ गई। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने ठगी की रकम को आरोपी के खातों में होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय से आवश्यक आदेश लेकर बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया और पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में 58 हजार रुपये वापस कराए गए।रुपये वापस मिलने पर मोहम्मद इलियास और उनके परिवार ने राहत की सांस ली। परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो मेहनत की कमाई वापस मिलना मुश्किल था।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र नाथ सिंह, कांस्टेबल मुकेश यादव, कांस्टेबल अखिलेश कुमार और महिला कांस्टेबल सूबी पटेल की अहम भूमिका रही।बलरामपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।


