TRENDING TAGS :
Balrampur News: ईमानदारी की मिसाल बनी ललिया पुलिस, लाखों के जेवरात से भरा बैग लौटाया
Balrampur News: बलरामपुर की ललिया पुलिस ने ईमानदारी दिखाते हुए लाखों के जेवर और नकदी से भरा खोया बैग मालिक को लौटाया
Balrampur News
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले की ललिया थाना पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए लाखों रुपये के जेवरात व नगदी से भरा खोया बैग उसके मालिक को सकुशल वापस कर दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र की मथुरा बाजार चौकी के प्रानपुर मार्ग पर एक बैग लावारिस हालत में पड़ा होने की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रतीक पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं बैग खोलकर देखने पर उसमें करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नौ हजार रुपये नकद, कपड़े और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले। पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर बैग मालिक की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि बैग नारायणजोत निवासी राजेश गुप्ता का है।
इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया और फोन के जरिए संपर्क कर राजेश गुप्ता को सूचना दी। राजेश गुप्ता ने बताया कि वह अपनी पत्नी पिंकी उर्फ आरती देवी के साथ बाइक से ससुराल से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक से बंधा बैग रस्सी टूटने के कारण गिर गया था, जिसकी जानकारी उन्हें काफी देर बाद हुई।
वाहीन थाना प्रभारी संतोष मिश्रा ने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद राजेश गुप्ता और उनके परिजनों को थाने बुलाकर बैग में रखे सामान का सत्यापन कराया और पूरा सामान सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर परिवार ने ललिया पुलिस की जमकर सराहना करते हुए आभार जताया।


