Banda News: बांदा में बिना नम्बर प्लेट वाहनों पर चला बड़ा अभियान,14 वाहन सीज किए गए

Banda News: बांदा में उप परिवहन आयुक्त के नेतृत्व में बिना नम्बर प्लेट और विकृत नम्बर प्लेट वाले 22 डम्फर व माल वाहनों का चालान, 14 वाहन सीज किए गए।

Anwar Raza
Published on: 29 May 2026 10:51 PM IST
Massive campaign on vehicles without number plates in Banda,14 vehicles seized
X

बांदा में बिना नम्बर प्लेट वाहनों पर चला बड़ा अभियान,14 वाहन सीज किए गए (Photo- Newstrack)

Banda News: जनपद बांदा में बिना नंबर प्लेट, मानक नंबर प्लेट के बिना और विकृत नंबर प्लेट लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे डम्फर और माल वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। इस व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई का नेतृत्व उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र झांसी के.डी. सिंह गौर ने किया। उनके नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने जिले में कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की।

22 वाहनों के चालान, 14 वाहन किए गए निरुद्ध

अभियान के दौरान कुल 22 डम्फर और माल वाहनों का चालान किया गया, जबकि 14 वाहनों को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई के दौरान उन वाहनों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, मानक नंबर प्लेट का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था या फिर नंबर प्लेट को इस तरह विकृत किया गया था कि वाहन का नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा था।

परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे वाहनों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई की और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी।


वाहन चालकों की काउंसिलिंग भी की गई

अभियान के दौरान केवल कार्रवाई ही नहीं की गई, बल्कि माल वाहन चालकों की काउंसिलिंग भी की गई। अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि वे अपने वाहनों पर मानक नंबर प्लेट जरूर लगाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहती है।

एचएसआरपी नंबर प्लेट की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

चेकिंग अभियान के दौरान एक और बड़ी बात सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि कई वाहनों में लगी एचएसआरपी नंबर प्लेट्स की गुणवत्ता बेहद खराब है। अधिकांश प्लेट्स में नंबर के ऊपर लगा ब्लैक कलर जल्दी छूट रहा है या फिर फेडेड हो जा रहा है। इसकी वजह से नंबर सफेद दिखाई देने लगता है और बहुत पास से देखने पर भी साफ पढ़ाई नहीं देता।

अधिकारियों के मुताबिक ऐसी प्लेट्स सड़क सुरक्षा और वाहन पहचान दोनों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं, क्योंकि अस्पष्ट नंबर प्लेट की वजह से वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।


कई अधिकारी रहे मौजूद

उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र झांसी के.डी. सिंह गौर के नेतृत्व में चलाए गए इस व्यापक अभियान में जनपद बांदा के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्यामलाल और यात्री कर अधिकारी वीरेंद्र राजभर भी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

Next Story