TRENDING TAGS :
Banda भाजपाई सपाई धनकुबेरों के घरों में ED-IT की मैराथन छापेमारी, पुलिसिया पहरों ने बढ़ाया कौतूहल
Banda में खनन कारोबार से जुड़े भाजपा-सपा नेताओं व कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी और आयकर विभाग की संयुक्त छापेमारी, भारी पुलिस बल तैनात।
Banda News (Photo_ Social Media)
Banda News. ईडी और आईटी ने बुधवार को भोपाल से बांदा तक खनन कारोबारियों के यहां छापेमारी की। बांदा में खनन कारोबार से जुड़े भाजपा और सपा दिग्गजों समेत पांच धनकुबेरों के ठिकानों पर तड़के शुरू हुई छापेमारी खबर भेजते समय तक जारी है। छापामार टीमें घरों आफिसों में क्या खंगाल रही हैं, नहीं पता। सभी जगह पुलिस का पहरा है। न कोई बाहर आ सकता है और न कोई अंदर जा सकता है। लोगों में कौतूहल है। हर कोई वजह जानना चाहता है। अनुमान लगाए जा रहे हैं। मनी लांड्रिंग से जोड़ा जा रहा है।
भाजपा के पूर्व विधायक व सपा से जुड़े खनन कारोबारी के करीबियों पर शिकंजा
खनन और मेडिकल कारोबार में चर्चित डीजी ग्रुप के सर्वेसर्वा मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बरौली गांव निवासी दिलीप गुप्ता के भोपाल आदि ठिकानों के साथ ही बांदा में उसके कथित करीबियों पर ईडी और आईटी की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। भारी पुलिस बल के साथ टीमों ने भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक समेत सपा से जुड़े खनन कारोबारी सीरध्वज सिंह, सीरज के कारोबारी साथियों भाजपा नेता दिलीप सिंह, हाई-फाई अस्पताल अवनि परिधि के मुखिया अज्ञात गुप्ता, ठेकेदार शशांक शेखर और शिवशरण सिंह आदि के ठिकानों पर दस्तक दी।
इसी के साथ सभी जगह पुलिस का पहरा बैठ गया। भीतर-बाहर होने में पाबंदी हो गई। इस नजारे ने सभी जगह लोगों का ध्यान खींचा। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ा, छापेमारी एक से दूजी जुबां पर चढ़ती गई। दिन भर की चर्चाओं के सूचकांक में छापेमारी टाप पर रही।
कयासों में पूर्व मंत्री और सांसद बाबू सिंह कुशवाहा से तार जोड़ना भी शुमार
छापामार कार्रवाई को कयासों ने रोचक बनाया हुआ है। कार्रवाई की पृष्ठभूमि अमूमन खनन कारोबार से जोड़ी जा रही है और इसके तार बसपा सरकार में तत्कालीन खनन मंत्री और जौनपुर से सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा से जोड़ने वालों की भी कोई कमी नहीं है। कयासबाजी के विविध आयाम हैं। देखना होगा, ईडी और आईटी अफसर इस बाबत कुछ सार्वजनिक करते हैं या नहीं। यदि नहीं तो कयासों का दौर चलेगा।
कांग्रेस के पूर्व विधायक के यहां भी छापे का शोर, 2021 में ईडी ने की थी रेड
कांग्रेस से भाजपा में आए एक पूर्व विधायक के यहां भी ईडी आईटी की संयुक्त छापेमारी का खासा शोर है। लेकिन उनके बांदा ठिकाने पर छापे जैसी हलचल नहीं दिखी। उनके अन्यत्र ठिकानों को निशाना बनाए जाने की चर्चा है। इन पूर्व विधायक के यहां ईडी ने नवंबर 2021 में धावा बोला था। बांदा आवास लैपटॉप और तमाम परिसंपत्तियों के दस्तावेज आदि कब्जे में लिए थे। लेकिन इस कवायद का क्या हश्र हुआ, कोई नहीं जानता। भाजपाई सपाई दिग्गजों समेत धनकुबेरों के यहां बुधवार को छापेमारी क्या गुल खिलाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।


