TRENDING TAGS :
Banda News: बांदा में आतंक: खूंखार भेड़िए ने पशु बाड़े में घुसकर भेड़ों को मार, 20 गंभीर रूप से घायल
Banda News: बांदा जिले के पैलानी तहसील अंतर्गत सादीपुर गांव में जंगली भेड़िए ने पशु बाड़े में घुसकर 20 भेड़ों को मार डाला और 20 को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग को सूचना।
Banda News(Photo-Social Media)
Banda News: जनपद बांदा के पैलानी तहसील अंतर्गत चिल्ला थाना क्षेत्र के लौमर गांव के मजरा सादीपुर में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खूंखार जंगली भेड़िया पशु बाड़े में घुस आया और बंधी हुई भेड़ों पर हमला कर दिया। इस भीषण हमले में 20 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सादीपुर निवासी राम सजीवन पाल पुत्र बुद्धू पाल की करीब 40 भेड़ें घर के पास बने पशु बाड़े में बंधी हुई थीं। देर रात अचानक जंगली भेड़िए ने बाड़े में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय राम सजीवन पाल खेतों में पानी लगाने गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष चिल्ला अनूप दुबे तथा पशु चिकित्सक डॉ. आशीष गुप्ता मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक द्वारा घायल 20 भेड़ों का मौके पर ही उपचार किया गया, जबकि मृत 20 भेड़ों का आवश्यक परीक्षण (पोस्टमार्टम) कराया गया।
पीड़ित पशुपालक राम सजीवन पाल ने बताया कि भेड़ों के सहारे ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। उन्होंने पशु बाड़े की सुरक्षा के लिए जाली भी लगवाई थी, इसके बावजूद भेड़िए ने हमला कर उनकी वर्षों की मेहनत और आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया। इस घटना में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द मदद नहीं मिली तो उनके परिवार के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली भेड़िए को जल्द पकड़ने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप दुबे ने गुरुवार देर शाम बताया कि मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है और भेड़िए को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


