Barabanki News: झाड़-फूंक के बहाने: बाराबंकी में बेटे का झांसा देकर गर्भवती से अश्लील हरकत

Barabanki News: बाराबंकी में बाबा बनकर पहुंचे दो लोगों पर गर्भवती महिला से झाड़-फूंक के बहाने अश्लील हरकत का आरोप लगा, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी।

Sarfaraz Warsi
Published on: 22 May 2026 9:47 PM IST
Barabanki News: झाड़-फूंक के बहाने: बाराबंकी में बेटे का झांसा देकर गर्भवती से अश्लील हरकत
X

Barabanki News: बाराबंकी की रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ कथित रूप से बाबा के वेश में आए व्यक्ति द्वारा गलत काम करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने आरोप लगाया है कि झाड़-फूंक और बेटे के जन्म का झांसा देकर यह घटना अंजाम दी गई, जिससे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

इस बार बेटा पैदा होगा

पीड़िता के पति के अनुसार उनके परिवार में पहले से छह बेटियां हैं और वर्तमान में उनकी पत्नी गर्भवती है। आज सुबह दो व्यक्ति, बाबा के वेश में, गांव पहुंचे और घर-परिवार के बारे में जानकारी लेने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर उन्होंने दावा किया कि उनकी ‘भभूति’ लगाने से इस बार बेटा पैदा होगा।

आरोप है कि बेटा होने के लालच में महिला उनकी बातों में आकर भभूति लगाने के लिए राजी हो गई। इस दौरान कथित बाबा के साथ आया दूसरा व्यक्ति महिला के पति को घर के बाहर बातचीत में उलझाए रहा, जबकि घर के अंदर कथित बाबा ने महिला के साथ गलत काम किया। विरोध करने पर उसका मुंह दबाने का भी आरोप लगाया गया है।


घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने तत्काल इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों की तलाश में जुट गए। काफी प्रयास के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को कोतवाली ले आई। हालांकि, बाद में उसके गृह जनपद से सत्यापन के आधार पर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया है कि वह व्यक्ति भिक्षा मांगने का कार्य करता है।

कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी के अनुसार, मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपियों द्वारा बेटे के जन्म के नाम पर एक बोरी गेहूं लेने की बात कही गई थी, हालांकि महिला के साथ अश्लीलता की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sarfaraz Warsi
ABOUT THE AUTHOR

Sarfaraz Warsi

Next Story