TRENDING TAGS :
Barabanki: निवर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाने के फैसले पर जश्न, सिद्धौर में सतीश शर्मा का स्वागत
Barabanki News : निवर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के फैसले पर सिद्धौर में जश्न, राज्यमंत्री सतीश शर्मा का भव्य स्वागत।
Barabanki News
Barabanki News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद निवर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त करने के ऐतिहासिक फैसले से जिले के प्रधानों में भारी खुशी है। सोमवार को बाराबंकी जनपद के सिद्धौर ब्लॉक में ग्राम प्रधान अध्यक्ष सतनाम सिंह वर्मा की अगुवाई में सभी प्रधानों ने एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खाद्य रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत और ब्लॉक प्रमुख आरती रावत का ग्राम प्रधानों ने जोरदार अभिनंदन किया।
गौरतलब है कि ग्राम प्रधानों ने पहले राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर खुद को ही प्रशासक बनाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा यह मांग पूरी किए जाने पर आयोजित इस समारोह में राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने प्रधानों को बधाई दी। उन्होंने ग्राम प्रधानों को ग्रामीण विकास की 'रीढ़ की हड्डी' बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके काम पर बड़ा भरोसा जताया है।
राज्यमंत्री ने प्रधानों से आह्वान किया कि, जिस तरह सरकार ने उन पर विश्वास किया है, ठीक उसी तरह आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी ग्राम प्रधान एकजुट होकर भाजपा के साथ खड़े हों और दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में मदद करें। इस दौरान विधायक दिनेश रावत और ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने भी इसे ग्रामीण विकास के हित में बड़ा फैसला बताया। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में सभी प्रधानों ने सरकार का आभार जताया।


