TRENDING TAGS :
Barabanki News: नए CMO डॉ. रंजन गौतम का शाही स्वागत, रेड कारपेट और फूलों की वर्षा से अभिनंदन
Barabanki News: बाराबंकी में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम का भव्य स्वागत किया गया। सरकारी वाहन पर फूल सजाए गए, रेड कारपेट बिछाया गया और फूलों की वर्षा कर अभिनंदन किया गया।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे में सादगी के दावों के बीच बाराबंकी से एक हैरान करने वाली 'शाही तस्वीर' सामने आई है। बुधवार को जिले के नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रंजन गौतम का स्वागत किसी सरकारी अधिकारी की तरह नहीं, बल्कि किसी रियासत के राजा की तरह किया गया। नव-नियुक्त सीएमओ साहब जब कार्यभार संभालने पहुंचे, तो उनके स्वागत में सरकारी गाड़ी को फूलों से सजाया गया था और कार्यालय के मुख्य गेट पर बकायदा रेड कारपेट (लाल कालीन) बिछाकर गुलाब की पंखुड़ियां बिखेरी गई थीं।
बुधवार दोपहर नवागत सीएमओ डॉ. रंजन गौतम अपनी सरकारी गाड़ी में अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंचे। जैसे ही साहब गाड़ी से उतरे, कार्यालय के कुछ कर्मचारियों व डॉक्टरों ने उन्हें पलकों पर बिठा लिया। रेड कारपेट से होकर दफ्तर के अंदर दाखिल होते समय सीएमओ और उनके पूरे परिवार पर गुलाब की पत्तियों की जमकर वर्षा की गई और बुके भेंट किए गए। चर्चा है कि दफ्तर के कुछ खास बाबुओं और कर्मचारियों के सिंडिकेट ने नए साहब को प्रभावित करने और अपनी गोटियां सेट करने के लिए सरकारी मर्यादाओं को ताक पर रखकर यह पूरा तामझाम किया था, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
आपको बता दें कि बाराबंकी में तैनात रहे पूर्व सीएमओ डॉ. रामजी यादव का तबादला होने के बाद डॉ. रंजन गौतम को यहाँ की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह फर्रुखाबाद जिले में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर तैनात थे। लेकिन बाराबंकी आते ही जिस तरह से नियम-कायदों को भूलकर सरकारी दफ्तर को 'शाही दरबार' में बदला गया, उसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता में इस प्रशासनिक संवेदनहीनता को लेकर तीखी चर्चाएं हैं।


