TRENDING TAGS :
Barabanki News: सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल, DM आवास के पास ट्रांसफार्मर से 350 लीटर तेल चोरी
Barabanki News: बाराबंकी में डीएम आवास के पास ट्रांसफार्मर से 350 लीटर तेल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और जांच जारी है।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में बीती रात चोरों ने पुलिसिया सुरक्षा को ठेंगा दिखा दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जिलाधिकारी आवास के पास मुख्य मार्ग के किनारे रखे एक ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों ने करीब 350 लीटर ऑयल पार कर दिया और बड़ी आसानी से फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि इस संवेदनशील इलाके में हुई इतनी बड़ी चोरी की भनक गश्त कर रही पुलिस टीम को भी नहीं लगी।
वहीं इस दुस्साहसिक वारदात का खामियाजा अब स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार सुबह जैसे ही बिजली विभाग को इसकी जानकारी हुई, महकमे में हड़कंप मच गया। इस भीषण गर्मी और जानलेवा उमस के बीच ट्रांसफार्मर का तेल गायब हो जाने के कारण सोमवार सुबह से ही पूरे इलाके की बत्ती गुल है, जिससे स्थानीय लोग बेहाल हैं। वहीं, वीआईपी जोन में हुई इस चोरी के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर को फुंकने से बचाने के लिए सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र की सप्लाई काटी गई है। वहीं एसडीओ ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में है, नया तेल आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सप्लाई दोबारा चालू की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस को मामले की तहरीर दे दी गई है।


