Bareilly News: धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई बकरा ईद, कड़ी सुरक्षा में अदा हुई नमाज

Bareilly News: मीरगंज में बकरा ईद का पर्व धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। ईदगाहों और मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की गई। प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

Sunny Goswami
Published on: 28 May 2026 12:12 PM IST
Bareilly News
X

Bareilly News(Photo-Social Media)

Bareilly News: मीरगंज नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) का पर्व धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर की शाही ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों और इबादतगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर विशेष रौनक देखने को मिली।

नमाज के दौरान इमामों ने लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। नए कपड़े पहनकर लोग सुबह से ही ईदगाहों की ओर जाते नजर आए। घरों में सेवइयों और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू से त्योहार का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

ईद की नमाज के बाद परंपरानुसार कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हुआ, जो दिनभर चलता रहा। लोगों ने जरूरतमंदों और गरीबों के बीच मांस एवं खाद्य सामग्री वितरित कर सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय दिया। पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार तथा कोतवाल रवि कुमार पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सतर्कता और जनता के सहयोग से बकरा ईद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

Next Story