Bareilly News: सर्राफ व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने भाभी पर लगाया हत्या का आरोप

Bareilly News : बरेली में सर्राफ व्यापारी की संदिग्ध मौत के बाद भाई ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Sunny Goswami
Published on: 3 Jun 2026 9:55 AM IST
Bareilly News: सर्राफ व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने भाभी पर लगाया हत्या का आरोप
X

Bareilly Jewellery Trader Death Case

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मानन में एक सर्राफ व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार में विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के छोटे भाई ने अपनी ही भाभी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला ब्रह्मानन निवासी सर्राफ व्यापारी मुकेश चंद्रा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिजनों के मुताबिक उनकी पत्नी ने करीब छह दिन पहले उन्हें इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चिकित्सकों ने मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया था। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए।

मुकेश चंद्रा की मौत की सूचना मिलने पर उनके छोटे भाई रिंकू चंद्रा नोएडा से शेरगढ़ पहुंचे। भाई की मौत को लेकर उन्होंने गंभीर संदेह जताते हुए अपनी भाभी पर हत्या का आरोप लगाया। रिंकू का कहना है कि उनके भाई की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए।

आरोप लगाए जाने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्राइम इंस्पेक्टर सत्य सिंह ने बताया कि मृतक के भाई द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

Next Story