Bareilly News: सड़क हादसा नहीं, गला दबाकर की गई थी युवक की हत्या; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

Bareilly News: बरेली के सिरौली क्षेत्र में सड़क हादसा समझी जा रही युवक की मौत का मामला हत्या निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

Sunny Goswami
Published on: 30 May 2026 4:19 PM IST
Bareilly News: सड़क हादसा नहीं, गला दबाकर की गई थी युवक की हत्या; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
X

Bareilly News

Bareilly News: जिले के सिरौली क्षेत्र में जिस घटना को शुरुआती तौर पर सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला निकली। रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया है।

जानकारी के अनुसार, अलीगंज-सिरौली मार्ग पर एक डिग्री कॉलेज के निकट गुरुवार रात एक युवक का शव उसकी बाइक सहित सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला था। मौके की स्थिति देखकर आशंका जताई गई थी कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने भी प्रारंभिक जांच में इसे सड़क हादसा मानते हुए कार्रवाई शुरू की थी।मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव दबतोरी निवासी 25 वर्षीय पुष्पेंद्र के रूप में हुई। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके पिता राजवीर ने बताया कि पुष्पेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी है।

गुरुवार को वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए अलीगंज दवा लेने आया था। सिरौली पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी कि अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है।शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला पूरी तरह पलट गया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत गला दबाकर की गई हत्या के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस मृतक की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं और दुर्घटना का रूप देकर साक्ष्य छिपाने की कोशिश क्यों की गई।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

Next Story