Bareilly News: भीषण गर्मी में बिजली बचत की अपील, डीएम बोले- रोज एक यूनिट बचाएं

Bareilly News: बरेली में बढ़ती बिजली मांग के बीच डीएम ने लोगों से प्रतिदिन एक यूनिट बिजली बचाने का संकल्प लेने की अपील की, ताकि सभी को निर्बाध आपूर्ति मिल सके।

Sunny Goswami
Published on: 30 May 2026 8:07 PM IST
Electricity saving appeal in scorching heat
X

भीषण गर्मी में बिजली बचत की अपील, डीएम बोले- रोज एक यूनिट बचाएं (Photo- Newstrack)

Bareilly News: बरेली। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के कारण विद्युत खपत ने भी नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में प्रत्येक उपभोक्ता तक निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी बरेली ने जनपदवासियों से बिजली बचत को लेकर विशेष अपील जारी की है।

बिजली की बचत को लेकर जिलाधिकारी ने की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आम जनता का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से बिजली की बचत को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति द्वारा बचाई गई थोड़ी-सी बिजली किसी अन्य जरूरतमंद परिवार को राहत पहुंचा सकती है। इससे बुजुर्गों, मरीजों और बच्चों को भीषण गर्मी के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक आवर्स में भारी विद्युत उपकरणों के उपयोग से बचने की अपील की है। साथ ही एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने, अनावश्यक रूप से जल रही लाइटों, पंखों और अन्य उपकरणों को बंद करने तथा ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी ने जनपद के प्रत्येक नागरिक से प्रतिदिन कम से कम एक यूनिट बिजली बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि लाखों लोग मिलकर रोजाना एक-एक यूनिट बिजली की बचत करेंगे तो बिजली उत्पादन, वितरण व्यवस्था और ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाला दबाव काफी कम होगा। इससे ट्रिपिंग और फॉल्ट जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी तथा सभी उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

Next Story