Basti News: बस्ती में दहेज हत्या पर बवाल: आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से परिजनों का प्रदर्शन

Basti News: बस्ती के छावनी क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Amril Lal
Published on: 7 April 2026 2:33 PM IST
Basti News: बस्ती में दहेज हत्या पर बवाल: आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से परिजनों का प्रदर्शन
X

Basti News

Basti News: बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के एक मामले को लेकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

मामला छावनी थाना क्षेत्र के चौगड़वा गांव का है, जहां 30 वर्षीय महिला सीमा की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या कर दी गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला पर तेल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को लखनऊ मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने पोस्टमार्टम कर बस्ती पुलिस को सूचना दी।मृतका के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल की रात करीब 11 बजे ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी को जला दिया। मृतका की 4 वर्षीय बेटी ने भी घटना को देखने की बात कही है।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष ने नहीं दी, बल्कि गांव के लोगों से जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने छावनी थाने में तहरीर देकर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन अब तक केवल दो आरोपियों की ही गिरफ्तारी हुई है।परिजनों का कहना है कि 6 अप्रैल को पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। इसी के विरोध में उन्होंने एसपी कार्यालय का घेराव किया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनशन पर बैठेंगे।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वहीं, इस मामले में क्षेत्राधिकारी हरैया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Amril Lal
ABOUT THE AUTHOR

Amril Lal

Next Story