Basti News: बस्ती में जीत नारायण हत्याकांड पर बवाल, गिरफ्तारी न होने पर परिजनों का धरना

Basti News : बस्ती में जीत नारायण हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन तहसील गेट पर धरने पर बैठे।

Amril Lal
Published on: 16 May 2026 2:15 PM IST
Basti News: बस्ती में जीत नारायण हत्याकांड पर बवाल, गिरफ्तारी न होने पर परिजनों का धरना
X

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जीत नारायण सिंह हत्याकांड को लेकर परिजनों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिवार के लोग बस्ती सदर तहसील परिषद के गेट पर धरने पर बैठ गए और नगर पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक जीत नारायण सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं नगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पर लगाया दबाव में काम करने का आरोप

धरने पर बैठे परिजनों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप मालिक के दबाव में नगर पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर रही है और न ही आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।परिवार का कहना है कि वे लगातार पुलिस अधीक्षक, थाना अध्यक्ष नगर और अन्य अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।परिजनों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव और पैसे के दम पर पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।

12 वर्षों से पेट्रोल पंप पर काम करता था मृतक

परिजनों के अनुसार जीत नारायण सिंह ग्राम कोपियां थाना कोतवाली के निवासी थे और पिछले 12 वर्षों से शैलेंद्र गुप्ता के हिंदुस्तान ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में काम कर रहे थे।परिवार का आरोप है कि उनके वेतन से पिछले करीब 10 वर्षों से हर महीने 6000 रुपये काटे जा रहे थे। जब भी जीत नारायण सिंह अपना पैसा मांगते थे तो बाद में देने की बात कही जाती थी।परिजनों का कहना है कि जीत नारायण सिंह जमीन खरीदना चाहते थे और इसी वजह से वह लगातार अपना पैसा वापस मांग रहे थे।

हत्या का लगाया आरोप

परिवार ने आरोप लगाया कि पैसा न देने के कारण पेट्रोल पंप मालिक समेत दो लोगों ने मिलकर 12 मई की रात करीब 10 बजे जीत नारायण सिंह की हत्या कर दी।मामले में नगर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।इसी बात से नाराज परिजन लगातार अधिकारियों से मिल रहे थे, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने तहसील दिवस के दौरान बस्ती सदर तहसील गेट पर धरना शुरू कर दिया।

एसपी और डीएम से मिलने की कर रहे थे कोशिश

परिजनों का कहना है कि तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी आने वाले थे। परिवार के लोग उनसे मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उनका आरोप है कि अधिकारियों ने उनसे मुलाकात नहीं की।इसी के बाद नाराज होकर परिजन तहसील गेट पर धरने पर बैठ गए और गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

पुलिस बोली, जल्द होगी गिरफ्तारी

वहीं नगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है और लोगों की नजरें अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Amril Lal
ABOUT THE AUTHOR

Amril Lal

Next Story