Bijnor News: बिजनौर में बस की टक्कर से दंपति की मौत, युवक घायल

Bijnor News: बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर उनी नदी पुल के पास बस अनियंत्रित होकर दो बाइकों से भिड़ी, दंपति ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, एक युवक जिला अस्पताल रेफर।

Faisal Khan
Published on: 17 Feb 2026 9:14 PM IST
Couple killed, youth injured in bus collision in Bijnor
X

 बिजनौर में बस की टक्कर से दंपति की मौत, युवक घायल (Photo- Newstrack)

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बासुवाला के समीप उनी नदी का पुल पार करने के बाद चल रही एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

धुआं उठने से बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के अंदर अचानक धुआं उठने लगा। इससे चालक घबरा गया और वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया। इसी दौरान नगीना की ओर से आ रही दो मोटरसाइकिलें बस की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बाद में गंभीर रूप से घायल दंपति को उपचार के दौरान बचाया नहीं जा सका। घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

थाना प्रभारी सर्वेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में बाइक सवार दंपति की मौत हो चुकी है। पुलिस ने बस और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।

कस्बे में शोक की लहर

इस हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Faisal Khan
ABOUT THE AUTHOR

Faisal Khan

Next Story