Bijnor News: बिजनौर मेले में मौत का झूला: तेज रफ्तार राइड से गिरकर फैज़ की दर्दनाक मौत

Bijnor News: बिजनौर के चांदपुर नुमाइश मेले में तेज रफ्तार बड़े झूले से गिरकर युवक फैज़ की मौत हो गई। हादसे के बाद बिना अनुमति झूला संचालन और सुरक्षा लापरवाही के आरोप लगे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Faisal Khan
Published on: 29 April 2026 10:45 PM IST
Bijnor News: बिजनौर मेले में मौत का झूला: तेज रफ्तार राइड से गिरकर फैज़ की दर्दनाक मौत
X

Bijnor News: बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में आयोजित नुमाइश मेले में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मेले में लगे तेज रफ्तार बड़े झूले से गिरकर युवक फैज़ की मौत हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब झूला तेज गति से चल रहा था और उस पर कई लोग सवार थे। इसी दौरान युवक फैज़ अचानक संतुलन खो बैठा और झूले से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई।

अस्पताल ले जाने से पहले तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद मेले में मौजूद लोग और परिजन युवक को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मेले में मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर तक वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

बिना अनुमति चल रहा था बड़ा झूला

हादसे के बाद मेले की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़ा झूला बिना प्रशासनिक अनुमति के लगाया गया था। इतना ही नहीं, झूले की फिटनेस जांच भी नहीं कराई गई थी। बताया जा रहा है कि मेला ठेकेदार ने प्रशासन को गुमराह कर झूला लगवाया और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए संचालन शुरू कर दिया।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि ऐसे बड़े झूलों के संचालन से पहले तकनीकी जांच, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा उपकरण अनिवार्य होने चाहिए थे, लेकिन यहां किसी भी नियम का पालन नहीं किया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले में लगे सभी झूलों और अन्य उपकरणों की तत्काल जांच कराई जाए ताकि दोबारा ऐसा हादसा न हो।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना चांदपुर पुलिस ने झूला संचालक, मेला ठेकेदार और संबंधित जिम्मेदार लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई, इसलिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

Faisal Khan
ABOUT THE AUTHOR

Faisal Khan

Next Story