Bijnor News : बिजनौर में कांवड़ियों का पेट्रोल पंप पर हंगामा, धूपबत्ती विवाद में मारपीट

Bijnor News : बिजनौर में कांवड़ियों और पेट्रोल पंप मालिक के बीच धूपबत्ती को लेकर हुई हिंसक झड़प, पुलिस ने प्रयास किया नियंत्रण का।

Faisal Khan
Published on: 15 Feb 2026 12:56 PM IST
Bijnor News :  बिजनौर में कांवड़ियों का पेट्रोल पंप पर हंगामा, धूपबत्ती विवाद में मारपीट
X

Bijnor News : बिजनौर के थाना नगीना क्षेत्र स्थित बढ़ापुर रोड चौराहे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कांवड़ियों के एक समूह और पेट्रोल पंप संचालक के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बन गया है। यह वीडियो 10 फरवरी का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ कांवड़िये पेट्रोल पंप पर रुके और अपनी कांवड़ में धूपबत्ती जलाने लगे। पेट्रोल पंप परिसर में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण पंप मालिक सनी के बेटे ने उन्हें सुरक्षा का हवाला देते हुए धूपबत्ती जलाने से रोक दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहस कुछ ही मिनटों में हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि कांवड़ियों के समूह ने पेट्रोल पंप स्वामी सनी के साथ जमकर मारपीट की। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पीड़ित को बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भीड़ उग्र बनी रही।वीडियो में कुछ लोग पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को मुस्लिम बताते हुए उनके साथ मारपीट करते सुनाई दे रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार हिंदू है। इस तरह की टिप्पणी ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।

मारपीट में सनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर भीड़ के उग्र व्यवहार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करती है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

Faisal Khan
ABOUT THE AUTHOR

Faisal Khan

Next Story