TRENDING TAGS :
Bijnor News: पतंग लूटते गिरा मासूम, मुस्लिम युवक की तत्परता से बची हिंदू बच्चे की जान
Bijnor News: बिजनौर में पतंग लूटते समय छत से गिरे मासूम की जान मुस्लिम युवक की सूझबूझ और तत्परता से बच गई।
Bijnor News(Photo-Social Media)
Bijnor News: बताया जा रहा है कि मोहल्ला काजी पाड़ा निवासी गौरव कुमार अपने घर की छत पर पतंग लूटने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही उसके सिर और शरीर से खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन उसी समय वहां से गुजर रहे एक मुस्लिम युवक ने बिना देर किए बच्चे को उठाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। घायल बच्चे की तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी। ऐसे में युवक ने बच्चे का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, ताकि उसके परिजनों तक सूचना जल्द पहुंच सके। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और कुछ ही समय में गौरव के माता-पिता को जानकारी मिल गई। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने भावुक होकर कहा, “मुस्लिम युवक ने हिंदू बच्चे की जान बचाई, यही है असली इंसानियत।” मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यदि समय पर अस्पताल न पहुंचाया जाता तो अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल गौरव का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यह घटना न केवल एक दर्दनाक हादसा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि इंसानियत किसी भी धर्म से बड़ी होती है।


