TRENDING TAGS :
Bijnor News: आतंकी आकिब को मिली थी क्लीनचिट, AK-47 को बताया खिलौना; दरोगा सस्पेंड, सीओ हटाए गए
Bijnor News: बिजनौर में आतंकी आकिब को क्लीनचिट देने का मामला गरमाया। AK-47 को खिलौना बताने पर दरोगा सस्पेंड और सीओ हटाए गए। पढ़ें पूरी खबर।
Bijnor News(Photo-Social Media)
Bijnor News: बिजनौर के नांगलसोती थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर निवासी मैजुल पिछले तीन वर्षों से साउथ अफ्रीका में रहकर सैलून चला रहा है। नवंबर 2025 में मैजुल की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें वह इंस्टाग्राम वीडियो कॉल के जरिए चार लोगों से जुड़ा हुआ दिखाई दे रहा था। इसी वीडियो कॉल के दौरान आकिब खान नाम के युवक ने कथित तौर पर एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया था।
वीडियो के वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा विनोद कुमार ने 23 नवंबर 2025 को मैजुल (निवासी सौफतपुर, थाना नांगल, बिजनौर), आकिब खान (निवासी सठला, मवाना, मेरठ) और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक को सौंपी गई। जांच के दौरान उन्होंने पहले मैजुल से संपर्क किया और फिर वीडियो कॉल के जरिए आकिब खान से बात की। इस बातचीत में आकिब ने एके-47 को खिलौना और हैंड ग्रेनेड को परफ्यूम की बोतल बताया। साथ ही खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। पुलिस ने बिना ठोस सत्यापन के उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर आकिब और मैजुल को क्लीनचिट दे दी।
हालांकि, हाल ही में एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) द्वारा मेरठ के साकिब समेत चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला पलट गया। पूछताछ में साकिब ने खुलासा किया कि उसका संपर्क दुबई में रह रहे आकिब से है। यह जानकारी सामने आते ही बिजनौर पुलिस में हड़कंप मच गया। एटीएस जांच में सामने आया कि आकिब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए सक्रिय था और उसने ही साकिब को पाकिस्तानी हैंडलर्स से जोड़ने में भूमिका निभाई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस की पहले की जांच पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी अभिषेक झा ने तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक और संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) नितेश प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया, जबकि सीओ को हटा दिया गया है।
इस तरह जुड़े बिजनौर के तार:
उत्तर प्रदेश एटीएस ने हाल ही में मेरठ के साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया था। ये सभी आरोपी लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट की साजिश रच रहे थे और उसे अंजाम देने पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि साकिब का कनेक्शन मेरठ निवासी आकिब से था, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है। आकिब सोशल मीडिया के माध्यम से बिजनौर के मैजुल के संपर्क में भी था। पहले वायरल हुई वीडियो के जरिए ही आकिब का नाम सामने आया था, लेकिन उस समय पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब एटीएस के खुलासे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आकिब ने ही साकिब को पाकिस्तानी हैंडलर्स से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।


