Bulandshahr News: छात्राओं से अश्लीलता करने वाले हेडमास्टर की ग्रामीणों ने की धुनाई, वीडियो वायरल

Bulandshahr News : बुलंदशहर में छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में हेडमास्टर की ग्रामीणों ने स्कूल में जमकर पिटाई कर दी, वीडियो वायरल।

Sandeep Tayal
Published on: 19 May 2026 11:29 AM IST (Updated on: 19 May 2026 11:39 AM IST)
Bulandshahr News: छात्राओं से अश्लीलता करने वाले हेडमास्टर की ग्रामीणों ने की धुनाई, वीडियो वायरल
X

Bulandshahr News

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर पर नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। इस बात से गुस्साए परिजनों ने स्कूल पहुंचकर आरोपी हेडमास्टर की जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल, आरोपी हेडमास्टर मौके से फरार हो गया है और पीड़ित छात्राओं के परिजनों ने उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए जहांगीराबाद कोतवाली में तहरीर दे दी है।

डेढ़ साल से दे रहा था फेल करने की धमकी

मिली जकरी के मुताबिक यह पूरा मामला जहांगीराबाद क्षेत्र के शेखपुर रोरा गांव के प्राथमिक विद्यालय का है। जहां पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि हेडमास्टर मनोज चौधरी पिछले करीब डेढ़ साल से उनके साथ गंदी हरकतें कर रहा था। जब भी कोई छात्रा इसका विरोध करती, तो आरोपी उसे परीक्षा में फेल करने और स्कूल से नाम काटने की धमकी देकर डरा देता था। इसी डर की वजह से मासूम बच्चियां लंबे समय तक चुप रहीं।कक्षा 6 में एडमिशन लेते ही खुला राज

वहीं इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब इन छात्राओं ने प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 5) पास करने के बाद कक्षा 6 में दूसरे स्कूल में दाखिला लिया। नए और सुरक्षित माहौल में आने के बाद बच्चियों का डर कम हुआ और उन्होंने रोते हुए अपने परिजनों को हेडमास्टर मनोज चौधरी की इस प्रताड़ना के बारे में बताया।

परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस जांच में जुटी

वहीं जैसे ही बच्चियों के साथ हुई इस हैवानियत की जानकारी परिजनों को मिली, उनका गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण और परिजन एकजुट होकर स्कूल पहुंचे। आज सुबह जैसे ही हेडमास्टर मनोज चौधरी विद्यालय पहुंचा, परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हालांकि, स्कूल के दूसरे शिक्षकों ने बीच-बचाव कर आरोपी हेडमास्टर को छुड़ाया, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला।

फिलहाल इस घटना के बाद पीड़ित परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। समाचार लिखे जाने तक हालांकि एफआईआर (FIR) दर्ज होने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित छात्राओं से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

Next Story