Chandauli News: 'भौकाल' बनाना पड़ा भारी: सरेराह तमंचा लहराने वाला आमिर अहमद गिरफ्तार

Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में सरेराह तमंचा लहराकर धमकी देने वाले आमिर अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अवैध असलहा बरामद हुआ।

Sunil Kumar
Published on: 4 Jun 2026 4:59 PM IST
Illegal Weapon
X

 'भौकाल' बनाना पड़ा भारी: सरेराह तमंचा लहराने वाला आमिर अहमद गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इलाके में अपना दबदबा और 'भौकाल' कायम करने के लिए तमंचा लहराने वाले एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया है। बलुआ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त आमिर अहमद को एक अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने यह हथियार बिहार से खरीदा था।

नैढ़ी ईदगाह चौराहे पर की थी मारपीट और फायरिंग की कोशिश

घटना की शुरुआत 2 जून 2026 को हुई थी, जब बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी ईदगाह चौराहे पर अभियुक्त आमिर अहमद की नैढ़ी गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मारपीट हो गई थी। खुद को भारी दिखाने और इलाके में अपना खौफ पैदा करने के लिए आमिर ने सरेराह अवैध तमंचा निकाल लिया और लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर बलुआ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

वाराणसी भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के डर से आरोपी आमिर अहमद (उम्र 24 वर्ष), निवासी बड़गावां, अपने घर से भागकर वाराणसी जाने की फिराक में था। इसी बीच थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद और उनकी टीम ने सटीक मुखबिरी के आधार पर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अदद तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

पूछताछ में उगला राज: "बिहार से राह चलते व्यक्ति से खरीदा था तमंचा"

पुलिसिया पूछताछ में आरोपी आमिर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, "साहब! यह असलहा मैं क्षेत्र में अपना भौकाल बनाने के लिए रखता हूँ। जब मुझे पता चला कि पुलिस में केस दर्ज हो गया है, तो मैं डर कर भाग रहा था। यह तमंचा मैंने बिहार के भभुआ जिले में एक राह चलते अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। मुझसे गलती हो गई, आगे से ऐसा नहीं होगा।"

कार्रवाई करने वाली बलुआ पुलिस टीम

इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह, उप-निरीक्षक जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल संतोष यादव और कांस्टेबल शिशिर यादव शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज रही है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story