TRENDING TAGS :
Chandauli News: खड़ी ट्रक में ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, चालक गंभीर
Chandauli News : चंदौली में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में ट्रेलर की जोरदार टक्कर, चालक फंसा, परिचालक गंभीर रूप से घायल।
Chandauli Accident
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब नेशनल हाईवे पर खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में ट्रेलर का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक वाहन के केबिन में फंस गया।दरअसल ये घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से वाराणसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से वह अनियंत्रित होकर जा टकराया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं गंभीर रूप से घायल परिचालक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वहीं मामले की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि लंबी दूरी की यात्रा और थकान के चलते चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वहीं इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से बिखर जाने से वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।वहीं इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी के वाहन चालकों की थकान और पर्याप्त आराम के अभाव से होने वाले सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें और नींद आने की स्थिति में वाहन चलाने से बचें।


