TRENDING TAGS :
Chandauli News: सकलडीहा ब्लॉक के 12 गांव होंगे बाल श्रम मुक्त, बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा ब्लॉक में बाल श्रम मुक्त अभियान के तहत बैठक आयोजित हुई। 12 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
Chandauli News
Chandauli News: चन्दौली जनपद को बाल श्रम मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।“बाल श्रम मुक्त अभियान” के अंतर्गत बुधवार को जनपद चंदौली के विकास खंड सकलडीहा में ब्लॉक स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (BLCWPC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड विकास अधिकारी (BDO) विजय कुमार सिंह,श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंद्र प्रकाश, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बजरंगी पांडे, महिला कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम प्रधान, Association for Voluntary Action (AVA) के CRA तथा MSEMVS संस्था की टीम उपस्थित रही।
बैठक के दौरान विकासखंड की 12 चयनित ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किए जाने की प्रक्रिया, निर्धारित मानकों एवं आवश्यक कार्यवाहियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति, बाल विवाह की रोकथाम तथा बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं से जोड़ने हेतु विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।जनपद चंदौली, जो नीति आयोग द्वारा चयनित एक आकांक्षी जनपद है, को वर्ष 2026 तक बाल श्रम मुक्त जनपद बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों एवं सामुदायिक संस्थाओं के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। Association for Voluntary Action (AVA) जिला प्रशासन के सहयोगी संस्थान के रूप में ग्राम, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर समुदाय जागरूकता, बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, बाल संरक्षण तंत्र को सशक्त बनाने तथा बाल श्रम उन्मूलन संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान कर रहा है। बैठक में ग्राम स्तर पर गठित VLCWPC एवं SMC समितियों की भूमिका को और अधिक सक्रिय बनाने तथा बाल संरक्षण से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विकासखंड सकलडीहा के नसीरपुर, कोड़रिया, बसिला, डेढावल, डेढ़गांवा, उकनीविरामलराय, विशुनुपुरा, दुर्गापुर, इटवा, जमुनीपुर, ताजपुर एवं बथावर ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किए जाने हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया तथा प्रस्ताव को अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला स्तर पर प्रेषित किए जाने का निर्णय लिया गया।


