Chandauli News: पूर्व मध्य रेल की कार्रवाई: मई में 4236 हुड़दंगी और अवैध यात्री गिरफ्तार

Chandauli News: पूर्व मध्य रेल ने मई 2026 में चेन पुलिंग और महिला कोच नियम उल्लंघन पर कार्रवाई कर 4200 से अधिक लोगों से जुर्माना वसूला।

Sunil Kumar
Published on: 3 Jun 2026 8:06 PM IST
Chandauli News: पूर्व मध्य रेल की कार्रवाई: मई में 4236 हुड़दंगी और अवैध यात्री गिरफ्तार
X

Chandauli News

Chandauli News: पूर्व मध्य रेल ने मई 2026 में ट्रेनों को समय पर चलाने और महिला सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना वजह चेन पुलिंग करने वाले 1175 लोगों और महिला डिब्बों में सफर करने वाले 3061 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लेकर भारी जुर्माना वसूला गया।

ऑपरेशन 'समय पालन': चेन पुलिंग करने वालों पर शिकंजा

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ट्रेनों को अकारण रुकने से बचाने और उनके सही समय पर परिचालन के लिए 'ऑपरेशन समय पालन' चलाया। 1 मई से 31 मई 2026 तक चली इस कार्रवाई में बिना किसी ठोस कारण के आपातकालीन जंजीर (चेन पुलिंग) खींचने वाले 1175 लोगों को पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई और जुर्माने के रूप में 5 लाख 2 हजार रुपये की वसूली की गई।

दानापुर मंडल में पकड़े गए सबसे ज्यादा आरोपी

चेन पुलिंग के मामलों में सबसे ज्यादा कार्रवाई दानापुर मंडल में हुई, जहां 602 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा समस्तीपुर मंडल में 239, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 147, सोनपुर मंडल में 100 और धनबाद मंडल में 87 लोग बिना वजह ट्रेन रोकने के आरोप में दबोचे गए।

ऑपरेशन 'महिला सुरक्षा': लेडीज कोच में घुसे 3000 से अधिक पुरुष

ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुगम सफर के लिए 'ऑपरेशन महिला सुरक्षा' के तहत बड़ा धर-पकड़ अभियान चलाया गया। मई महीने में महिला कोच में अवैध रूप से यात्रा कर रहे 3061 पुरुष यात्रियों को रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत हिरासत में लिया गया। इन लापरवाह यात्रियों से रेलवे ने कुल 8 लाख 79 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

मंडलों के अनुसार महिला कोच में हुई कार्रवाई

महिला डिब्बों में अनाधिकृत रूप से सफर करने वाले पुरुषों में भी सर्वाधिक 1442 लोग दानापुर मंडल से पकड़े गए। वहीं डीडीयू मंडल में 865, धनबाद मंडल में 333, समस्तीपुर मंडल में 290 और सोनपुर मंडल में 131 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों की समयबद्धता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story