TRENDING TAGS :
Chandauli News: क्रिकेट मैच के दौरान खूनी बवाल, युवक पर बैट और स्टंप से हमला,जिला हॉस्पिटल रेफर
Chandauli News: क्रिकेट मैच के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर बैट और स्टंप से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महावलपुर गांव में क्रिकेट मैच के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार महावलपुर गांव में स्थानीय युवकों के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। इसी दौरान बॉलिंग को लेकर खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के कई लोगों ने युवक पर बैट और स्टंप से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समुदाय विशेष से जुड़े कई लोगों ने मिलकर युवक पर हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की तथा मामले की जांच शुरू कर दी। घायल युवक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। इस मामले में थाना अध्यक्ष मुगलसराय ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।


