UP Politics: ‘CM योगी की अगुवाई में ही लड़ेंगे UP चुनाव...’, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ब्राह्मणों को लेकर दिया ये बड़ा बयान

UP Politics: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 4 Jun 2026 11:03 AM IST (Updated on: 4 Jun 2026 11:03 AM IST)
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath

UP Politics: उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से तेज होती नजर आ रही हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव अगले वर्ष प्रस्तावित हैं, लेकिन जनगणना और परिसीमन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच समय से पहले चुनाव होने की संभावनाओं पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार और भारतीय जनता पार्टी दोनों चुनावी मोड में दिखाई दे रही हैं।

इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनाव में पार्टी के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रमुख नेताओं ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और वही पार्टी का चेहरा होंगे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योगी ही पार्टी का चेहरा हैं और उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं हाल ही में मंत्री बने मनोज पांडे ने भी इसी बात को दोहराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और राज्य "उत्तम प्रदेश" बनने की दिशा में काम कर रहा है। मनोज पांडे ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ मजबूत नेतृत्व भी भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी चुनाव पार्टी योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही लड़ेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वतंत्र देव सिंह ने भी नेतृत्व को लेकर किसी तरह की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि आगामी विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा। ऐसे में नेतृत्व को लेकर किसी भ्रम की कोई गुंजाइश नहीं है। हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों और यूजीसी से संबंधित चर्चाओं को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। इसके जवाब में भाजपा नेताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा सनातन परंपरा का वाहक रहा है और भाजपा सरकार ने सनातन संस्कृति तथा धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों का समर्थन पार्टी के साथ बना हुआ है और आगामी चुनाव में भी यह समर्थन जारी रहेगा।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story