TRENDING TAGS :
Etah News: अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोतने से तनाव, ग्रामीणों और बघेल समाज में भारी रोष
Etah News: मोहनपुर में अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोतने की घटना से तनाव फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों और बघेल समाज में भारी आक्रोश देखा गया और सुरक्षा की मांग उठी।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की जलेसर तहसील क्षेत्र के सकरौली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत इसौली के गांव मोहनपुर में अराजक तत्वों द्वारा अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोते जाने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और बघेल समाज के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गांव मोहनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास लगे अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर सोमवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा अराजक तत्वों ने कालिख पोत दी। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर बोर्ड पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर सकरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और घटना की गहनता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव के मनीराम बघेल, जीवाराम बघेल, शैतान सिंह बघेल, नूर सिंह बघेल, श्याम सिंह बघेल, रामशंकर बघेल सहित बघेल समाज के कई लोगों ने प्रशासन से शीघ्र जांच कर घटना का खुलासा करने और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।समाचार लिखे जाने तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस स्वयं संज्ञान के आधार पर कार्रवाई कर रही है।


