TRENDING TAGS :
Etah News: एटा जिला कारागार में आजीवन कारावासी की मौत, सीने में दर्द के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
Etah News: एटा जिला कारागार में सीने में दर्द के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की मौत, पोस्टमार्टम व जांच जारी
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद मुख्यालय स्थित जिला कारागार में बंद एक आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की शनिवार को सीने में दर्द के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। मृतक की पहचान जितेन्द्र उर्फ भूरा (53) पुत्र रामपाल सिंह निवासी ग्राम बिजौरी, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है।
जेल अधीक्षक के अनुसार शनिवार सुबह बंदी को अचानक बाईं ओर सीने में तेज दर्द और उच्च रक्तचाप की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। सुबह करीब 10:35 बजे उसे अवंतीबाई स्वशासी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान लगभग 10:45 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बंदी हत्या समेत कई गंभीर मामलों में निरुद्ध था। वह अपराध संख्या 316/17 में धारा 147, 364, 302, 201, 120-बी आईपीसी के तहत आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। इसके अलावा उसके खिलाफ दो अन्य मामले भी विचाराधीन थे, जिनमें धारा 395, 397 तथा 323, 504, 307 आईपीसी के मुकदमे शामिल हैं। बंदी को 7 अप्रैल 2025 को जिला कारागार में दाखिल किया गया था।
जेल अधीक्षक अंकिष्ठा श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और नियमानुसार सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके। जेल प्रशासन के अनुसार घटना के बाद कारागार की स्थिति सामान्य है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विधिवत जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


