TRENDING TAGS :
Etah News: अब घर बैठे होगी जनगणना, डीएम अरविन्द सिंह ने जनता से की बढ़-चढ़कर भागीदारी
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत गुरुवार से स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई।
Etah DM Arvind Singh Digital Census
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत गुरुवार से स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविन्द सिंह ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान का शुभारंभ किया और जनपदवासियों से इस डिजिटल व्यवस्था से जुड़ने की अपील की। जिलेभर में 7 मई से शुरू हुई यह प्रक्रिया 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई स्व-गणना प्रणाली नागरिकों के लिए सरल, सुरक्षित और समय बचाने वाली व्यवस्था है। अब लोग घर बैठे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर मोबाइल नंबर से OTP सत्यापन कर पंजीकरण करना होगा। फॉर्म हिंदी और अंग्रेजी समेत विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
डीएम अरविन्द सिंह ने बताया कि स्व-गणना के दौरान परिवार और आवास से जुड़े लगभग 33 बिंदुओं की जानकारी भरनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर नागरिकों को एक Self Enumeration ID (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जनगणना अधिकारी के घर पहुंचने पर केवल यही SE ID दिखानी होगी, जिससे दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उधर जलेसर तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी पीयूष रावत के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से पूरी प्रक्रिया समझाई गई और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं का आधार होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। प्रशासन द्वारा जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, प्रशिक्षक आदेश कुमार मौर्य और जनगणना लिपिक अभिषेक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


