TRENDING TAGS :
Etah News : एटा में मेधावियों का सम्मान, 21 छात्र-छात्राओं को मिला पुरस्कार, विधायक ने दी सीख
Etah News : एटा के एनआईसी सभागार में 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विधायक बोले मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी।
Etah News
Etah News : बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, मेहनत और उपलब्धियों का उत्सव देखने को मिला। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री का संबोधन छात्रों और अभिभावकों ने सुना।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं केवल अपने परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य होते हैं।सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही जीवन में सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में सम्मानित विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। समारोह में मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री के संबोधन में नवाचार, सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम पर विशेष जोर दिया गया। उनके संदेश ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, ब्लॉक प्रमुखों सहित प्रशासनिक अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।


