Etah News: एटा में बिजली व्यवस्था पर मंत्री का सख्त एक्शन, लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढील

Etah News: एटा कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने बिजली आपूर्ति सुधार, शिकायत निस्तारण, सोलर ऊर्जा और अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

Sunil Mishraa
Published on: 3 Jun 2026 7:49 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 7:49 PM IST)
Etah News: एटा में बिजली व्यवस्था पर मंत्री का सख्त एक्शन, लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढील
X

Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में बिजली व्यवस्था को लेकर बढ़ती शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों के बीच बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विद्युत सेवाओं में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड, क्षमता वृद्धि, बिलिंग व्यवस्था, राजस्व वसूली, सरकारी विभागों पर बकाया और विद्युत दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विकासखंड और नगर निकाय स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं, जिससे शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली कटौती से जुड़ी सूचनाएं समय रहते सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जनता तक पहुंचाई जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने स्टोरों में जरूरी उपकरणों और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री कुसुम योजना और हर घर मुफ्त बिजली योजना के तहत किसानों और आम लोगों को सोलर पंप और सोलर पैनल अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

राज्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी उपभोक्ता का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए और अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की शिकायतें भी सुनी गईं और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए गए।

Sunil Mishraa
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishraa

Next Story