TRENDING TAGS :
Etah News: जौहरपुर हत्याकांड: एसएसपी का दौरा, धर्मेंद्र केस में जल्द खुलासे का भरोसा
Etah News: एटा के जौहरपुर गांव में धर्मेंद्र हत्याकांड मामले में एसएसपी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना कोतवाली निधौली कला क्षेत्र के गांव जौहरपुर में 6 फरवरी को हुई धर्मेंद्र पुत्र नेम सिंह की हत्या के 23 दिन बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह एवं एएसपी श्वेताभ पांडेय ने रविवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। गांव की पगडंडियों पर उस दर्द की आहट आज भी महसूस की जा सकती है, जहां धर्मेंद्र का शव सरसों के खेत में मिला था। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों की आंखों में सवाल और दिलों में आक्रोश साफ झलक रहा है।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एएसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि जांच में तेजी लाई जा सके।
अधिकारियों ने दोपहर करीब एक बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आशंकाएं सुनीं। संबंधित थाना पुलिस और जांच टीम को हर पहलू से गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। विधायक संजीव दिवाकर ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के गांव पहुंचने से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। वहीं ओमप्रताप सिंह, आशू ठाकुर, अमित पंडित, शीलेंद्र सिंह राजपूत, नरेश लोधी और चित्रपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने निष्पक्ष और शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई। जौहरपुर आज भी इंतजार में है। एक परिवार उम्मीद की डोर थामे न्याय की राह देख रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन कितनी जल्द घटना का खुलासा कर पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाता है।


