TRENDING TAGS :
Etah News: हल्की बारिश और कोहरे से बदला मौसम, बढ़ी ठंडक और सतर्कता
Etah News: बीते कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी के कारण जहां लोग हल्के कपड़ों में नजर आ रहे थे, वहीं आज सुबह से ही लोग स्वेटर और जैकेट पहनकर घरों से निकलते दिखाई दिए।
Etah News
Etah News: जनपद में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। बीते दिन हुई हल्की बारिश के बाद रात में ही हल्के कोहरे व सुबह बढे कोहरे ने पूरे इलाके को ढक लिया, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडक का एहसास बढ़ गया। बीते कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी के कारण जहां लोग हल्के कपड़ों में नजर आ रहे थे, वहीं आज सुबह से ही लोग स्वेटर और जैकेट पहनकर घरों से निकलते दिखाई दिए।
प्रातः दूध लेने जा रहे राकेश कुमार ने बताया कि कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सुबह के समय प्रमुख मार्गों और हाईवे पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर सावधानीपूर्वक सफर करना पड़ा। कई जगहों पर धुंध के कारण यातायात सामान्य से प्रभावित रहा, हालांकि किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। वहीं ईद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी दिखाई दी। सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी गई, जिससे शांति व्यवस्था बनी रही।
मौसम में आए इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। ठंडक और कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही, लेकिन ईद की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों की ओर जाते नजर आए। नमाज के दौरान भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। अचानक बदले इस मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं ठंडक के चलते दैनिक दिनचर्या पर भी असर डाला है।


