TRENDING TAGS :
Etah News: यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 के विरोध में राष्ट्रवादी प्रताप सेना, 8 मार्च को दिल्ली कूच
Etah News: एटा में राष्ट्रवादी प्रताप सेना ने यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 के विरोध में देशव्यापी आंदोलन और 8 मार्च को दिल्ली कूच का ऐलान किया।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की तहसील जलेसर में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रवादी प्रताप सेना ने यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) द्वारा जारी “इक्विटी रेगुलेशन 2026” के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की। संगठन ने इन संशोधनों को भेदभावपूर्ण और असंवैधानिक बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की।
भाकियू किसान के कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह शेखावत ने कहा कि प्रस्तावित नियम उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को मजबूत करने के बजाय असुरक्षा और विभाजन की स्थिति पैदा कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों में ‘जातिगत भेदभाव’ की परिभाषा को सीमित किया गया है, जिससे संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत नागरिकों को प्राप्त समानता के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने यह भी कहा कि ‘झूठी शिकायत’ करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान हटाना गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, इससे निर्दोष शिक्षकों और कर्मचारियों के उत्पीड़न की आशंका बढ़ सकती है तथा संस्थानों में आपसी रंजिश को बढ़ावा मिल सकता है।
राष्ट्रवादी प्रताप सेना ने मांग की कि 2026 के नियमों को वापस लेकर 2012 के प्रावधानों को और अधिक व्यापक बनाया जाए, ताकि सभी वर्गों के साथ न्यायपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। साथ ही, शिकायत निवारण समितियों की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए फॉल्स रिपोर्टिंग पर कड़े दंड का प्रावधान जोड़े जाने की भी मांग की गई।
संगठन ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया द्वारा इन नियमों पर लगाए गए स्थगन आदेश का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार से विवादित प्रावधानों को पूरी तरह वापस लेने की अपील की। क्षेत्रीय किसानों ने 8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होकर विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया। प्रेस वार्ता में पवन ठाकुर, दलवीर सिंह, दीपक चौहान, विपिन कुमार, प्रत्येन्द्र शाह, शिवा सिसोदिया और दीपक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


