Etah News: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को जमीनी विवाद में बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

Etah News: एटा के दहेलिया पूठ गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को जमीनी विवाद में बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।

Sunil Mishra
Published on: 1 Jun 2026 10:09 AM IST
Woman out on Morning Walk shot dead by miscreants in ground dispute, condition serious
X

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को जमीनी विवाद में बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर (Photo- Newstrack)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने सुबह की सैर पर निकली एक महिला को निशाना बनाया और गोली मार दी। वहीं इस घटना के पीछे का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। यह घटना थाना जसरथपुर क्षेत्र के दहेलिया पूठ गांव की है। जहां सोमवार तड़के करीब 5:10 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली 40 वर्षीय महिला साधना मिश्रा को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता ने अस्पताल ले जाते समय दो हमलावरों को पहचानने का दावा किया है।

इस दौरान उन्होंने बताया है कि, जब वह प्रातः टहल रही थी और सचिवालय के पास पहुंची तभी उन्हे कुछ लोगों ने घेर लिया और गोली मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साधना मिश्रा (पत्नी राजेश मिश्रा) रोज की तरह सोमवार सुबह भी टहलने के लिए घर से निकली थीं। जब वह गांव के सचिवालय के पास पहुंचीं, तभी अचानक एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से 3-4 लोग नीचे उतरे और उनका पीछा करने लगे। कुछ ही दूरी पर 5-6 अन्य लोग भी मौजूद थे। घबराहट में जब साधना ने पीछे मुड़कर देखा, तो उनमें से एक व्यक्ति ने उन्हें दबोच लिया और उन पर सीधे गोली चला दी।

दो हमलावरों की हुई पहचान

वहीं इस घटना की तुरंत सूचना 112 को दी गई तो तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गयी । यहां तड़के टहलने के दौरान हुए इस हमले के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। वहीं घटना के बाद घायल अवस्था में साधना ने पुलिस को बताया है कि, उन्होंने हमलावरों में से दो लोगों को साफ पहचान लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने वालों में एक मोटे कद का व्यक्ति था जिसका नाम बल्लू है, जबकि दूसरा पतले कद का व्यक्ति गुलबहार था।

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना जसरथपुर के थानाध्यक्ष विजय सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अलीगंज भिजवाया। यहां CHC के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति मीणा ने पुष्टि की कि, महिला के शरीर पर गन शॉट (गोली लगने) के गहरे घाव थे। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस ने दी जानकारी

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया है कि, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर (शिकायत) नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देना शुरू कर दिया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story