Etawah News: इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख की 13 हजार लीटर अवैध शराब पर चलवाई JCB

Etawah News: इटावा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 119 मुकदमों से जुड़ी करीब 13,000 लीटर अवैध शराब को जेसीबी से नष्ट किया, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये से अधिक है।

Ashraf Ansari
Published on: 3 Jun 2026 7:49 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 7:50 PM IST)
Etawah News: इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख की 13 हजार लीटर अवैध शराब पर चलवाई JCB
X

Etawah News: इटावा जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बरामद अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब का विनष्टीकरण कराया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाना बलरई पुलिस द्वारा 119 मुकदमों से संबंधित लगभग 13,000 लीटर अवैध शराब को जेसीबी मशीन की सहायता से नष्ट किया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में यह कार्रवाई बुधवार को संपन्न कराई गई। पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बलरई क्षेत्र में विभिन्न मामलों में बरामद अवैध शराब को न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार नष्ट किया गया।

पूरी कार्रवाई उपजिलाधिकारी जसवंतनगर, क्षेत्राधिकारी सैफई तथा सहायक अभियोजन अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस, अभियोजन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पहले शराब के आवश्यक नमूने सुरक्षित कराए और उसके बाद शेष शराब को जेसीबी मशीन के माध्यम से नष्ट कराया।

पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि विनष्टीकरण की गई शराब थाना बलरई में दर्ज 119 अलग-अलग अभियोगों में बरामद की गई थी। लंबे समय से न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका निस्तारण किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार समाज और युवाओं के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें। सूचना के आधार पर त्वरित और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से ही अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story