Etawah News: वादी ही निकला अपराधी, झूठे मुकदमे का पुलिस ने किया खुलासा, निर्दोषों को मिली राहत

Etawah News: इटावा के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने खुलासा किया कि शिकायतकर्ता ने ही निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।

Ashraf Ansari
Published on: 2 Jun 2026 10:04 PM IST
Etawah News: वादी ही निकला अपराधी, झूठे मुकदमे का पुलिस ने किया खुलासा, निर्दोषों को मिली राहत
X

Etawah News

Etawah News: इटावा जिले की थाना बढ़पुरा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए यह साबित कर दिया कि कानून और साक्ष्यों के आधार पर की गई निष्पक्ष जांच से सत्य को सामने लाया जा सकता है। पुलिस की प्रभावी विवेचना में एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें शिकायतकर्ता स्वयं ही अपराधी निकला। पुलिस ने झूठी सूचना देकर निर्दोष लोगों को फंसाने की साजिश रचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को रामपाल पुत्र करोड़ी निवासी ग्राम गाति, थाना बढ़पुरा, जनपद इटावा ने थाना बढ़पुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी की शादी में चढ़ाए गए जेवर उसके दामाद अभिषेक पुत्र संजीव तथा अभिषेक के चाचा विजय पुत्र रामप्रकाश निवासी देशरमऊ, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी द्वारा हड़प लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया।

विवेचना के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए घटनाक्रम की पुष्टि नहीं हुई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि नामजद किए गए अभिषेक और विजय के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार थे। पुलिस पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण से सामने आया कि रामपाल ने आपसी विवाद के चलते दोनों व्यक्तियों को कानूनी परेशानी में डालने और झूठे मुकदमे में फंसाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से मिथ्या साक्ष्य तैयार किए थे।पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए रामपाल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मूल मुकदमे में दर्ज धारा 303(2) और 318(2) बीएनएस को हटाकर धारा 217 एवं 248 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना बढ़पुरा में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story