Etawah News: इटावा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Etawah News: इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

Ashraf Ansari
Published on: 27 May 2026 3:35 PM IST
Etawah News: इटावा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
X

Etawah News

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के इकदिल थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बर गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी पूजा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे रंजीत बाइक लेकर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर करीब ढाई बजे उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों के मुताबिक अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मानिकपुर मोहन चौकी पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पत्नी पूजा का आरोप है कि चौकी पर मौजूद दरोगा ने सुबह तलाश करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। वहीं मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मानिकपुर गांव की गौशाला के पीछे बीहड़ क्षेत्र में रंजीत का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि रंजीत की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी और गर्दन पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे।

वहीं परिवार ने यह भी बताया है कि गांव में प्लॉट को लेकर कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था और पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। वहीं सोमवार रात गौशाला के पास रंजीत की बाइक लावारिस हालत में मिली थी, जिसे पुलिस चौकी ले गई थी। जिसके बाद बुधवार सुबह नाराज परिजन शव लेकर एसएसपी आवास की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रोक लिया। इसके बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story