TRENDING TAGS :
Etawah News: जसवंतनगर पुलिस का वाहन चेकिंग अभियान, वाहनों पर कार्रवाई, 3.70 लाख रुपये जुर्माना वसूला
Etawah News: इटावा के जसवंतनगर में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की और 3.70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: उत्तर परदेस के इटावा जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार के निर्देशन में थाना जसवंतनगर पुलिस द्वारा व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान जिले में चलाए जा रहे विशेष अपराध नियंत्रण एवं यातायात सुरक्षा अभियान के तहत संचालित किया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
थाना जसवंतनगर क्षेत्र के बस अड्डा चौराहा, जमुनाबाग एनएच-2 तथा सराय भूपत कट इलाके में पुलिस टीम ने कई घंटों तक सघन वाहन चेकिंग की। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड, स्टंट ड्राइविंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुल लगभग 260 वाहनों की गहन जांच की। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने फाल्टी नंबर प्लेट पाए जाने पर 50 ट्रकों के चालान किए, जबकि यातायात नियमों का पालन न करने वाले 25 दोपहिया वाहनों के भी चालान काटे गए।
इसके अलावा शराब पीकर वाहन चला रहे 9 डम्पर चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन वाहनों को रोककर चालकों की जांच की, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई।
इस पूरे अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय ओवर स्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचें तथा शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है और इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रहती है।


