Fatehpur News: यूट्यूब देखकर पति-पत्नी ने रची प्रेमी की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार

Fatehpur News: पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या की साजिश रचने से पहले यूट्यूब पर अपराध, सजा और जेल से जुड़ी जानकारी भी खोजी थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Ramchandra Saini
Published on: 1 Jun 2026 5:08 PM IST
Fatehpur News: यूट्यूब देखकर पति-पत्नी ने रची प्रेमी की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
X

Fatehpur News

Fatehpur News: जिले की बकेवर पुलिस ने गुमशुदा युवक विजय निषाद की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मानव कंकाल के अवशेष, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का चौखट, मोटरसाइकिल, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामला थाना बकेवर क्षेत्र के टिकरा गांव का है। गांव निवासी इन्द्रपाल निषाद ने अपने पुत्र विजय निषाद की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि विजय का हमीरपुर जिले के थाना कुरारा क्षेत्र के मनकी गांव निवासी किरन देवी से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर किरन का पति कामता प्रसाद निषाद विजय से रंजिश रखने लगा था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 8 मई को किरन देवी ने विजय को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद कामता प्रसाद ने लकड़ी के चौखट से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को छिपा दिया और रात में आरी तथा ग्राइंडर की मदद से शव के पैर काटकर बोरे में भर दिए। इसके बाद शव को कानपुर नगर के रेउना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया।पुलिस ने आरोपी कामता प्रसाद निषाद पुत्र रामकिशुन निषाद एवं किरन देवी पत्नी कामता प्रसाद निषाद निवासी मनकी, थाना कुरारा, जनपद हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतक के नर कंकाल के अवशेष, जले हुए कपड़े, जूते, ताबीज, मोबाइल और चश्मे के अवशेष, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का चौखट, आरी, ग्राइंडर ब्लेड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

यह था मामला

8 मई को थाना बकेवर क्षेत्र निवासी विजय निषाद अपने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 11 मई को परिजनों ने थाना बकेवर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान परिजनों ने आशंका जताई कि मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच करने पर किसी महिला या अन्य व्यक्ति के संपर्क में होने की जानकारी मिल सकती है, जिसने उसे बुलाकर कोई अप्रिय घटना कारित की हो।विवेचना के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन का गहन विश्लेषण किया गया, जिसमें जनपद हमीरपुर की एक महिला से मृतक की लगातार बातचीत होने की पुष्टि हुई। साथ ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर मृतक की मोटरसाइकिल घाटमपुर, कानपुर क्षेत्र से बरामद की गई।

इन तथ्यों के आधार पर परिजनों ने थाना बकेवर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि हमीरपुर निवासी कामता प्रसाद और उसकी पत्नी किरन देवी ने विजय निषाद को बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपा दिया।तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सघन पूछताछ में कामता प्रसाद और किरन देवी ने स्वीकार किया कि 8 मई 2026 को विजय निषाद उनके घर आया था और पूर्व नियोजित योजना के तहत दोनों ने उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद कामता ने मृतक की मोटरसाइकिल अन्य स्थान पर छोड़ दी तथा शव और मोबाइल फोन को कानपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद अवशेषों, कपड़ों और जूतों की पहचान मृतक के परिजनों ने की। परिजनों ने बरामद नरकंकाल और अन्य सामान को विजय निषाद का बताया है। अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।विवेचना में यह भी सामने आया कि मृतक और अभियुक्ता किरन देवी के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। लगभग चार माह पूर्व तक कामता प्रसाद सूरत में कार्यरत था। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध स्थापित हुए थे। कामता के वापस आने के बाद भी विजय लगातार किरन से संपर्क और मुलाकात करने का प्रयास करता रहा, जिससे नाराज होकर पति-पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

यूट्यूब देखकर जुटाई जानकारी

विवेचना के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने घटना से पहले हत्या से जुड़े मामलों, अपराध में मिलने वाली सजा, जेल व्यवस्था, फांसी की सजा तथा महिला अभियुक्तों से संबंधित विभिन्न जानकारियां इंटरनेट और यूट्यूब पर खोजी थीं। पुलिस का कहना है कि इन डिजिटल साक्ष्यों सहित अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया गया है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

Next Story