Fatehpur News: मानदेय बढ़ाने की मांग: पंचायत सहायकों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन

Fatehpur News: फतेहपुर में पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाने, सेवा सुरक्षा और स्थायी नियमावली की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द निर्णय की अपील की। जल्द समाधान की उम्मीद जताईहै।

Ramchandra Saini
Published on: 1 Jun 2026 3:25 PM IST
Panchayat assistants demonstrate, demand memorandum in the name of the Chief Minister
X

मानदेय बढ़ाने की मांग: पंचायत सहायकों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन की जिला शाखा ने पंचायत सहायकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

छह हजार रुपये मानदेय को बताया अपर्याप्त

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के संचालन, प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें केवल छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।

पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में इतनी कम आय में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी पंचायत सहायकों के लिए चुनौती बन गया है।

30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग

ज्ञापन में पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की भी मांग उठाई गई है।

यूनियन ने कहा कि पंचायत सहायकों को उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित मानदेय मिलना चाहिए, ताकि वे आर्थिक रूप से सुरक्षित जीवन जी सकें।

स्थायी सेवा नियमावली और आरक्षण की भी मांग

ज्ञापन में अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी के रिक्त पदों पर भर्ती में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन ने महिला पंचायत सहायकों के लिए विवाह के बाद स्थानांतरण और समायोजन नीति लागू करने की भी मांग की है। साथ ही पंचायत सहायकों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी

पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश भर के पंचायत सहायक 15 जून 2026 को लखनऊ स्थित ईको गार्डन में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

यूनियन का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर पंचायत सहायकों में नाराजगी है और अब उन्हें जल्द समाधान की उम्मीद है।

वहीं ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय, जिला महामंत्री नकुल कुमार यादव समेत यूनियन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे। उन्होंने सरकार से पंचायत सहायकों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

Next Story