Fatehpur News: सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा- 'यूपी में दूसरी बार अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री'

Fatehpur News: नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने योगी-मोदी सरकार पर साधा निशाना, यूपी में अखिलेश यादव की वापसी और बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार बनने का किया दावा।

Ramchandra Saini
Published on: 25 April 2026 9:47 PM IST (Updated on: 25 April 2026 9:48 PM IST)
SP leader Nasimuddin Siddiqui says: Akhilesh will become chief minister for second time in UP
X

सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा- 'यूपी में दूसरी बार अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बांदा से लखनऊ जाते समय वे बिंदकी बस स्टैंड के पास सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो. आजम के आवास पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और राज्य तथा राष्ट्रीय राजनीति के कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

2027 में सपा सरकार का दावा

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने कहा कि “पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति समाजवादी पार्टी की ताकत है और इसी सामाजिक समीकरण के आधार पर सपा 2027 में अपनी पांचवीं सरकार बनाएगी।”सिद्दीकी ने यह भी कहा कि पार्टी का फिलहाल पूरा फोकस 2027 के चुनाव पर है, जबकि 2029 लोकसभा चुनाव की रणनीति बाद में तय की जाएगी।

कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। गाजीपुर में युवती की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर अपराधियों पर कार्रवाई में लापरवाही होती है, तो यह शासन और प्रशासन की विफलता है। सीतापुर, मेरठ, हाथरस, सोनभद्र और महोबा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा खतरे में है। उनका कहना था कि “आज प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है, अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार निष्क्रिय नजर आ रही है।”

महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ती महंगाई पर चिंता

सपा नेता ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में माताएं और बहनें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, जिससे आम जनता परेशान है। रसोई गैस के बढ़ते दामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला

किसानों की स्थिति को लेकर भी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि फतेहपुर और बिंदकी क्षेत्र में गन्ना उत्पादन काफी होता है, लेकिन किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा।

उन्होंने दावा किया कि जब वे कैबिनेट मंत्री थे, तब गन्ने का मूल्य बढ़ाया गया था, लेकिन उसके बाद किसी सरकार ने किसानों के हित में काम नहीं किया। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों ने लंबे समय तक आंदोलन किया और अंततः सरकार को कानून वापस लेने पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान सैकड़ों किसानों की मौत हुई, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।

भाजपा पर गंभीर आरोप

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार के खिलाफ ज्यादा बोलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि “आज स्थिति ऐसी है कि सरकार खुद ही चोर और खुद ही सिपाही बनी हुई है।” आम आदमी पार्टी के एक सांसद के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि “डर के आगे भूत भी भाग जाता है,” और यह कदम दबाव का परिणाम हो सकता है।

पश्चिम बंगाल चुनाव पर बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में गड़बड़ियां हो रही हैं और बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी क्षेत्र में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान होता है, तो चुनाव आयोग को उस पर पुनर्विचार करना चाहिए। इसके बावजूद उन्होंने विश्वास जताया कि ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगी और तृणमूल कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।

‘आर्यन चाय वाले’ विवाद पर प्रतिक्रिया

‘आर्यन चाय वाले’ मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी के यहां चाय पीना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी अक्सर आम लोगों के बीच जाकर चाय पीते हैं, इसमें कोई गलत बात नहीं है।

राजनीतिक माहौल पर सपा का रुख

पूरे बयान के दौरान यह साफ नजर आया कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों को लेकर आक्रामक रणनीति अपना रही है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जहां एक ओर भाजपा सरकार पर निशाना साधा, वहीं दूसरी ओर सपा की जीत का भरोसा भी जताया। उनके बयानों से यह संकेत मिलता है कि पार्टी सामाजिक समीकरणों और जन मुद्दों को आधार बनाकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

Next Story