TRENDING TAGS :
Fatehpur News: विजय हत्याकांड में नया मोड़, तीन नाम हटाने का लगाया आरोप, एसपी से की शिकायत
Fatehpur News: फतेहपुर के चर्चित विजय हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने मामले में तीन नाम हटाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Fatehpur News(Photo-Social Media)
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी 20 वर्षीय विजय निषाद की हत्या के मामले में अब नया विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जांच में शामिल किए गए पांच आरोपियों में से तीन नाम जानबूझकर तहरीर से हटा दिए गए हैं। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
केवल दो भेजे गए जेल
मृतक के पिता इंद्रपाल निषाद और भाई अजय ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि शुरुआत में दी गई तहरीर में कुल पांच लोगों के नाम शामिल थे, जिनमें हमीरपुर निवासी किरन, उसका पति कामता, तथा किरन के दो मामा और एक अन्य परिजन शामिल थे। लेकिन पुलिस ने केवल किरन और कामता को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि अन्य नामों को जांच से बाहर कर दिया गया है।
परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि मुख्य आरोपी कामता के पैर में गंभीर चोट (रोड पड़ी हुई) होने के बावजूद वह हत्या कर शव को दूर फेंकने और साक्ष्य मिटाने जैसे काम कैसे कर सकता है। वहीं, उन्होंने किरन के गर्भवती होने की बात का हवाला देते हुए मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि यदि सभी आरोपियों की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो साजिश में शामिल अन्य लोग बच निकलेंगे। उन्होंने एसपी से पूरे मामले की दोबारा जांच कर तीनों नामों को मुकदमे में शामिल करने की मांग की है।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 8 मई को बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद घर से लापता हो गए थे। 11 मई को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और बाद में आशंका जताई कि किसी महिला या व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद उनकी हत्या की गई हो सकती है।
जांच के दौरान पुलिस को हमीरपुर निवासी महिला किरन से लगातार संपर्क के सबूत मिले। मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की मोटरसाइकिल कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में मिली थी।
पुलिस जांच में क्या आया सामने?
पुलिस विवेचना में सामने आया कि विजय निषाद का किरन देवी से प्रेम संबंध था और इसी को लेकर विवाद बढ़ा। आरोप है कि 8 मई को विजय हमीरपुर पहुंचा, जहां पहले से बनी योजना के तहत उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव और मोबाइल को कानपुर के जंगल में जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस ने बरामद अवशेष, कपड़े और जूतों को मृतक से संबंधित बताया है, जिसकी पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।
वहीं, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और किरन के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और कामता के बाहर रहने के दौरान यह संबंध और गहराते गए। बाद में विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी ने मिलकर हत्या की साजिश रची। फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले का खुलासा हो चुका है, जबकि परिजन जांच पर सवाल उठाते हुए पूरे केस की दोबारा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


